शनिवार, 24 जनवरी 2015

संकटग्रस्त इलाकों में बाघों को बचाने की चुनौती बरकरार!

कविता जोशी.नई दिल्ली

केंद्रीय पर्यावरण-वन मंत्रालय की बाघों की गणना पर हालिया जारी रिर्पोट के अनुसार देश में बाघों की संख्या में बीते तीन वर्षों में 30 फीसदी का इजाफा हुआ और यह 2 हजार 226 पर पहुंच गई है। यह आंकड़ा मंत्रालय के राष्टÑीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) द्वारा हर तीन साल में जारी किया जाता है। लेकिन इस ताजे आंकड़ें का विश्लेषण करने पर पता चला कि बाघों की कई अहम प्रवास स्थलियों में उनकी संख्या मेंं बीते वर्षों की तुलना में कोई खास इजाफा नहीं हुआ है। कई जगहों पर पहले की गई दो गणनाओं मेंं बाघों की संख्या का आकलन नहीं किया जा सका या बाघों की मौजूदगी नकारात्मक थी। ऐसे में बाघों की संख्या बढ़ाने के अलावा उनके संरक्षण की चुनौती का यथावत बनी हुई है कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा।

शिवालिक-गंगा प्लेन लैंडस्केप कॉमप्लेक्स
बाघों की संख्या की गणना उनकी 6 अहम प्रवास स्थलियों के आधार पर की जाती है। शिवालिक-गंगा प्लेन लैंडस्केप कॉमप्लेक्स में 485 है। इस क्षेत्र में उत्तराखंड, बिहार और यूपी राज्य आते हैं, जिसमें बिहार की हालत बाघों के मामलों में खराब नजर आती है। यहां बीते 8 सालों में मात्र 10 बाघ ही बढ़े हैं। साल 2006 की गणना में बिहार में बाघों की संख्या 10 थी और साल 2010 में ये 8 थी जो कि नकारात्मक ट्रेंड था और अब हालिया आई गणना में यहां बाघों की संख्यां 10 है यानि केवल 2 बाघ ही ज्यादा हैं। कुल आंकड़ा 28 पर पहुंच गया है। इशारा साफ है कि बिहार में बाघों की संख्या को बढ़ाने से लेकर उनके लिए महफूज संरक्षणी स्थलों को बनाए रखने की चुनौती बरकरार है।

सेंट्रल इंडियन लैंडस्केप एंड ईस्टर्न घाट लैंडस्केप कॉमप्लेक्स
इस लैंडस्केप में तीन गणनाआें में बाघों की कुल संख्या 688 है। इस लैंडस्केप में छग, मप्र, आंध-प्रदेश, महाराष्टÑ, ओडिशा, राजस्थान, झारखंड जैसे राज्य आते हैं। इनमें छग में बीते वर्षों की तुलना में केवल 20 बाघ ही बढ़े हैं। मप्र में केवल 11 बाघ बढ़े हैं और ओड़िशा में बीती गणना की तुलना में 4 बाघ कम हुए हैं और आंकड़ा 28 पर पहुंच गया है। इसके अलावा झारखंड में बीती गणना की तुलना में 7 बाघ कम हुए हैं और उनकी संख्या 3 हो गई है, पहले यह 10 थी।

वेस्टर्न घाट लैंडस्केप कॉमप्लेक्स
इस कॉमप्लेक्स में बाघों की कुल संख्या 776 है, जिनमें कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, गोवा जैसे राज्य आते हैं। यहां गोवा का प्रदर्शन सबसे निराशाजनक रहा है। पहले दो बार (2006 और 2010) यहां जनगणना ही नहीं हो पाई और इस बार की गणना में भी बाघों की संख्या 5 ही मिली है। यहां भी बाघों के संरक्षण की चुनौती बरकरार है।

नार्थ ईस्टर्न हिल्स और ब्रह्मपुत्र फ्लड प्लेंस
इस कॉमप्लेक्स में असम, अरूणाचल, मिजोरम, नार्थ-वेस्ट बंगाल, नार्थ ईस्ट हिल्स एंड ब्रह्मपुत्र और सुंदरबन शामिल है। अरूणाचल में 2010 में गणना नहीं हुई और इस बार बाघों की संख्या 28 बताई गई है। मिजोरम में बाघों की संख्या घटी है और 5 के मुकाबले 3 पर पहुंच गई है। नार्थ वेस्ट बंगाल में दूसरी बार गणना नहीं हुई और इस बार बाघों की संख्या मात्र 3 है, जबकि यह देश-दुनिया में बाघों की पंसदीदा प्रवास स्थलियों में से एक माना जाता है। सुंदरबन में 76 बाघ बताए जा रहे हैं। वर्ष 2006 में यहां गणना नहीं हो सकी थी। दूसरी गणना (2010) में 70 बाघ थे यानि इस बार केवल तीन साल में सुंदरबन में केवल 6 बाघ ही बढ़े हैं, यहां भी चुनौती बरकरार है।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें