रविवार, 22 मार्च 2015

झज्जर में पूर्व सैनिकों की रैली को संबोधित करेंगे सेनाप्रमुख

हरिभूमि ब्यूरो.नई दिल्ली

हरियाणा के झज्जर में सेनाप्रमुख दलबीर सिंह सुहाग शनिवार 14 मार्च को पूर्व सैनिकों की एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। यह पहला मौका होगा जब सेनाप्रमुख अपने गृह-राज्य हरियाणा जाकर सेना के सेवानिवृत रणबांकुरों से इतने बड़े पैमाने पर सीधे बातचीत करेंगे। यहां राजधानी में थलसेना मुख्यालय में मौजूद सेना के सूत्रों ने कहा कि हरियाणा राज्य की सेना में बड़ी भागीदारी है। आंकड़ों के हिसाब से यहां कुल 46 हजार पूर्व सैनिक रहते हैं। रैली का आयोजन झज्जर के न्यू पुलिस लाइंस में किया जाएगा। यहां बता दें कि सेनाप्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग भी हरियाणा के झज्जर जिले के बिसान गांव रहने वाले हैं। सेना के सूत्रों ने सेनाप्रमुख के रैली संबंधी कार्यक्रम के दौरान उनके अपने गांव बिसान जाने की योजना की पुष्टि नहीं की है।

सूत्र ने कहा कि सेनाप्रमुख जनरल सुहाग की रैली का आदर्श वाक्य ‘सम्मान, सेहत, सहुलियत और सहायता’ है। 14 मार्च को सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली वीर सेनानी रैली में राज्य के लगभग 30 हजार सेवानिवृत फौजियों के आने की संभावना है। इसके अलावा 300 वीर-नारियां, पूर्व सैनिकों की विधवाएं और तमाम निर्भर परिवारों के लोग भी रैली में शामिल हो सकते हैं। रैली में हरियाणा के 9 जिलों से सेवानिवृत सैनिकों के आने की उम्मीद है। इसमें झज्जर, रोहतक, जिंद, सिरसा, हिसार, भिवानी, फत्तेहाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी शामिल हैं।

रैली में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, शहीदों की विधवाओं से जुड़े मामलों के तत्काल निपटारे के लिए कुछ स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इनके जरिए लोगों की समस्याओं का तत्काल निपटारा किया जाएगा। पेंशन से जुड़े मामले, चिकित्सा सुविधा, पूर्व सैनिकों को दी जाने वाली कॉंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ईसीएचएस) कार्डस और सीएसडी कार्डस शामिल है। इसके अलावा रैली स्थल पर ही एक मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा। इसमें जरूरतमंद रोगियों को देखने के लिए 9 विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। रैली में 3 हजार वीर नारियों, शहीदों की विधवाओं और सेवानिवृत सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। विधवाओं और सेवानिवृत सैनिकों को वित्तीय सहायता भी दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें