शुक्रवार, 15 मई 2015

....तो पाकिस्तान पर फिर मेहरबान हुआ चीन!

हरिभूमि ब्यूरो.नई दिल्ली
यूं तो चीन और पाकिस्तान की दोस्ती जगजाहिर है। लेकिन भारत में बीते वर्ष 26 मई को नई सरकार के गठन के बाद तेजी से बदल रहे भू-राजनैतिक परिदृश्य में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की चर्चाएं ज्यादा होने लगी हैं। सोमवार 20 अप्रैल को चीन के राष्ट्रपति शी जिन पिंग पाकिस्तान के दो दिवसीय दौरे पर जाने वाले हैं, जिसमें चीन की ओर से पाकिस्तान को करीब 51 अरब डॉलर की आर्थिक मदद की सौगात दी जाएगी।

पाक पर चीनी मेहरबानियां
सरकार के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति पाकिस्तान के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में मदद का भारी-भरकम पिटारा खोलने वाले हैं। इसमें रक्षा क्षेत्र में खासतौर से पाकिस्तान को चीन 8 डीजल चालित परंपरागत पनडुब्बियां देगा। इनकी कुल अनुमानित कीमत 5 बिलियन डॉलर होगी। इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ड्रैगन 12 बिलियन डॉलर की मदद पाकिस्तान को करेगा। ऊर्जा के लिए 34 बिलियन डॉलर की धनराशि दी जाएगी।

भारत से ज्यादा पाक के पास परमाणु हथियार कुछ समय पहले आई स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्ट्टीट्यूट (सिपरी) की रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया था कि पाकिस्तान के पास भारत से ज्यादा परमाणु हथियारों का जखीरा है। आंकड़ों के हिसाब से पाकिस्तान के पास 100 से 120 परमाणु हथियार होने की संभावना है। इसकी तुलना में भारत के पास 90 से 100 परमाणु हथियार हैं। सिपरी की रिपोर्ट के हिसाब से भारत-पाक की तुलना में चीन के परमाणु हथियारों का जखीरा दोगुना यानि करीब 250 होने का अनुमान है। वहीं अमेरिका और रूस 7 हजार से 9 हजार परमाणु हथियारों के साथ शीर्ष पर हैं। सिपरी दुनिया के नौ
परमाणु हथियार संपन्न देशों के हथियारों के आधुनिकीकरण और उनके भंडारण पर नजर रखती है।

कुछ महीने से जारी है ये जुगलबंदी
चीन के पाकिस्तान की ओर बढ़ते झुकाव के पीछे बीते कुछ समय से तेजी से विस्तारित हो रहे भारत-अमेरिका संबंध भी हैं। अमेरिका की भारत के जरिए समूचे दक्षिण-एशिया में बढ़ती दखलंदाजी की काट चीन, पाकिस्तान में बढ़-चढ़कर निवेश के जरिए निकालने की ओर बढ़ रहा है। इसमें एक रोचक तथ्य यह है कि चीन ने पाक के साथ रूस को अपने गुट में मिलाने के लिए कवायदें तेज कर दी हैं। हाल में रूस ने चीन को मिसाइल डिफेंस सिस्टम एस-400 दिया है।

पाक दिवस पर गए जिनपिंग
बीते महीने 23 मार्च को पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस के मौके पर भी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को मुख्य अतिथि बनाया गया था। इस मौके पर पाकिस्तान ने एक भव्य सैन्य परेड का आयोजन भी किया था। इस परेड का आयोजन पाकिस्तान की ओर से सात साल बाद किया गया। उधर हाल ही में पाकिस्तान के सेनाप्रमुख जनरल राहिल शरीफ ने भी चीन का दौरा कर वहां की सरकार के प्रमुख नेताओं से मुलाकात की थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें