शुक्रवार, 3 अप्रैल 2015

आॅपरेशन राहत के नाम से चलेगा यमन अभियान

हरिभूमि ब्यूरो.नई दिल्ली

यमन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए भारत की ओर से अभियान तेज कर दिया गया है। सरकार ने इस अभियान को आॅपरेशन राहत का नाम दिया है। नौसेना के दो जंगी जहाज आईएनएस मुंबई (डिस्ट्रायर) और तरकस (स्टेल्थ फ्रिगेट) सोमवार शाम जिबूती बंदरगाह के लिए रवाना हो गए हैं। इसके अलावा नौसेना का एक अन्य जहाज आईएनएस सुमित्रा अदन की खाड़ी में दाखिल होने के लिए वहां के स्थानीय स्तर पर मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहा है। इसके बाद वो अदन के बंदरगाह से होते हुए जिबूती पहुंचकर वहां मौजूद भारतीयों की सुरक्षित वापसी के अभियान का आगाज करेगा। इसके अलावा दो यात्री जहाज कवाराती और कोर्रल्स ने 30 मार्च को कोचीन से अपनी यात्रा शुरू कर दी थी। यह सभी जहाज अरब सागर में एक जगह पर इकट्टा होकर जिबूती बंदरगाह की ओर संयुक्त अभियान के तहत आगे बढ़ेंगे। यहां बता दें कि बाकी चार जहाज 4 अप्रैल को जिबूती पहुंचेंगे।

योजना के मुताबिक सुमित्रा अदन से करीब 400 लोगों को लेकर जिबूती पहुंचाएगा। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि नौसेना के आईएनएस मुंबई और तरकस इस बेड़े को सुरक्षा कवच भी प्रदान करेगा। अब तक इस अभियान में कुल 5 जहाज शामिल हो चुके हैं। नौसेना के दो जहाजों आईएनएस मुंबई और तरकस की रवानगी की पुष्टि मंगलवार को उप-नौसेनाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने वाले वाइस एडमिरल पी.मुरूगेशन ने भी पुष्टि की है। यह दोनों जहाज दल में शामिल तीन अन्य जहाजों की समुद्री डाकुआें से भी सुरक्षा करेंगे।

वायुसेना भी यमन में जारी हिंसा के बीच फंसे भारतीयों की सकुशल वापसी के अभियान में शामिल होने को पूरी तरह से मुस्तैद है। उसके दो विशालकाय अत्याधुनिक परिवहन विमान सी-17 ग्लोबमास्टर पालम हवाईअड्डे पर स्टैंडबॉय स्थिति में तैनात है। सरकार की ओर से उड़ान भरने का ग्रीन सिगनल मिलने के बाद वो जिबूती की ओर अपनी उड़ान शुरू कर देंगे। गौरतलब है कि यमन में करीब 4 हजार भारतीय फंसे हुए हैं। इसमें यमन की राजधानी सना में 3 हजार 500 लोग, अदन में करीब 500 लोग मुसीबत में हैं। फंसे हुए लोगों में आधी संख्या यानि 50 फीसदी महिलाएं हैं। इसके अलावा कुछ लोग यमन के अस्पतालों में भी शरणागत हैं। मुंबई से रवाना दोनों नौसैन्य जहाजों को जिबूती पहुंचने में करीब 4 दिन का समय लगेगा। नौसेना का यह अभियान करीब 4 हजार किमी. के इलाके में चल रहा है।

एशिया प्रशांत क्षेत्र में शांति-सुरक्षा के लिए जापान-भारत दोस्ती जरूरी

हरिभूमि ब्यूरो.नई दिल्ली

भारत और जापान के मजबूत संबंधों का लाभ दोनों देशों के राष्ट्रीय हित के लिए ही नहीं बल्कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र से लेकर हिंद महासागर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। यह बातें सोमवार को जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे ने रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर से मुलाकात के दौरान कही। यहां बता दें कि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के तीन दिवसीय जापान दौरे की शुरूआत हो चुकी है। इसमें सोमवार को पहले दिन उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे और जापान के रक्षा मंत्री जनरल नकातानी से भी मुलाकात की। रक्षा मंत्री 1 अप्रैल को भारत वापस लौटेंगे। यहां बता दें कि भारत, जापान से करीब 12 यूएस-2 एंफीबियस जहाज (जमीन और जल में कार्य करने में सक्षम) खरीदने का सौदा कर सकता है। इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि रक्षा मंत्री अपनी यात्रा के दौरान इस मुद्दे पर भी जापानी अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।

रक्षा मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जापानी पीएम ने कहा कि वो भारत के साथ आर्थिक क्षेत्र के अलावा रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में भी मजबूत संबंध बनाने के इच्छुक हैं। साथ ही उन्होंने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में शांति-सुरक्षा बनाए रखने के लिए भी दोनों देशों के संबंधों को महत्वपूर्ण बताया। उधर दोनों रक्षा मंत्रियों ने अपनी मुलाकात के दौरान एक-दूसरे को अपने आसपास की सुरक्षा परिस्थितियों और रक्षा नीतियों से वाकिफ करवाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा परिस्थिति के मद्देनजर एशिया-प्रशांत क्षेत्र और हिंद महासागर क्षेत्र के सामरिक परिदृश्य की भी समीक्षा की।

गौरतलब है कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण छोरों दक्षिणी-चीन सागर और पूर्वी-चीन सागर में तेजी से बढ़ती चीनी गतिविधियों को लेकर भी जापान बेहद चिंतित है। एक ओर चीन ने द.चीन सागर के सभी द्वीपों पर नौ लघु रेखाएं खींचकर (नाइन डैश लाइंस) अपनी अकेली संप्रभुत्ता घोषित कर दी है, जिससे उसका बू्रनेई, फिलीपींस और ताइवान जैसे देशों के साथ उसका विवाद चल रहा है। वहीं पूर्वी चीन सागर में सेंकाकू द्वीपों पर अधिकार को लेकर जापान और चीन के बीच तनातनी चल रही है। इन दोनों इलाकों की सामरिक महत्ता बहुत ज्यादा है। क्योंकि इन जगहों से होकर दुनिया का आधे से अधिक व्यापार होता है। दोनों रक्षा मंत्रियों ने बीते वर्ष सितंबर महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान रक्षा के क्षेत्र में हुए सहयोग
समझौते का भी स्वागत किया। जापानी रक्षा मंत्री अगले वर्ष 2016 में भारत का दौरा करेंगे।

मुलाकात के बाद रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद जापान पहला देश है, जिसका उन्होंने दौरा किया है। उन्होंने कहा कि वो रक्षा उपकरणों और तकनीक के मामले में जापान के साथ सशक्त साझेदारी बनाने के इच्छुक हैं।

नौसेना की शीर्ष रणनीतिक पश्चिमी कमांड का दौरा करेंगे पर्रिकर

कविता जोशी.नई दिल्ली

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर जापान से लौटने के बाद इस सप्ताह के अंत में रविवार को नौसेना की मुंबई स्थित पश्चिमी-कमांड का दौरा करेंगे। उनका यह दौरा एक दिन होगा और वो रविवार शाम को ही दिल्ली वापस लौट आएंगे। यहां बता दें कि रक्षा मंत्री ने बीते वर्ष नवंबर में मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहले पाकिस्तान से लगी पश्चिमी सीमा में पड़ने वाले श्रीनगर का दौरा किया था। यहां थलसेना की महत्वपूर्ण रणनीतिक 15वीं कोर तैनात है जो घाटी के अंदर और बाहर आतंकवादियों के नापाक इरादों को ध्वस्त करने में लगी हुई है। श्रीनगर जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी के नाम से भी चर्चित है।

दौरे की खास बातें
यहां रक्षा मंत्रालय के उच्चपदस्थ सूत्रों ने हरिभूमि को बताया कि रक्षा मंत्री पर्रिकर का नौसेना की किसी कमांड का यह पहला दौरा होगा। इसमें वो इसके मुंबई स्थित हेडक्वार्टर जाकर समूची कमांड और वहां जारी तमाम गतिविधियों का गहराई से निरीक्षण करेंगे। इस दौरे में रक्षा मंत्री रक्षात्मक और सामरिक उपकरण बनाने वाले मुंबई के मझगांव डाकयार्ड लिमिटेड (एमडीएल) भी जाएंगे। एमडीएल में नौसेना की कई अहम परियोजनाआें पर काम चल रहा है। इसमें 14 अल्फा प्रोजेक्ट के तहत 4 जंगी जहाज बनाए जा रहे हैं, 15 ब्रावो प्रोजेक्ट के तहत दो जहाज बनाए जा रहे हैं। इसमें से एक जहाज आईएनएस कोलकात्ता नौसेना को सौंपा जा चुका है। 6 स्कॉर्पीन पनडुब्बियों पर भी एमडीएल में ही काम चल रहा है।

पश्चिमी कमांड का महत्व
देश की सामरिक सुरक्षा और रणनीतिक लिहाज से नौसेना की मुंबई स्थित पश्चिमी-कमांड को उसकी बाकी कमांडों की तुलना में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां नौसेना के विमानवाहक युद्धपोत आईएनएस विराट से लेकर नौसेना का विशालकाय जंगी बेड़ा चौबीसों घंटे देश की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहता है। इसमें दिल्ली क्लास के डिस्ट्रायर (जंगी जहाज) से लेकर तलवार-गोदावरी क्लास के फ्रिगेट समेत बेतवा क्लास का गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट और टेंकर शामिल है। पश्चिमी कमांड में ही नौसेना की एचडीडब्ल्यू पनडुब्बियां भी तैनात हैं।

नौसेना की कुल कमांड
नौसेना की कुल तीन कमांड हैं। इसमें पश्चिमी कमांड का मुख्यालय मुंबई है। पूर्वी कमांड का मुख्यालय विशाखापट्टनम में और दक्षिणी कमांड का मुख्यालय कोच्चि में है। इनमें रणनीतिक लिहाज से मुंबई स्थित पश्चिमी कमांड को शीर्ष में रखा जाता है।

डीएसी ने दी 8 हजार 365 करोड़ रूपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

हरिभूमि ब्यूरो.नई दिल्ली
रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) की शनिवार को हुई बैठक में 8 हजार 365 करोड़ रूपए के रक्षा सौदों को मंजूरी दी गई। इसमें सबसे बड़ा प्रस्ताव वायुसेना के लिए 2 अवॉक्स टोही विमान ए-330 (एवॉक्स) की खरीद का था जिसे मंजूरी दी गई। इस प्रस्ताव की कुल लागत 5 हजार 113 करोड़ रूपए है। वायुसेना के लिए कुल 6 अवॉक्स टोही ए-330 खरीदे जाएंगे। करीब दो घंटे तक चली यह डीएसी की बैठक सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे शुरू हुई, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने की। बैठक में नौसेनाप्रमुख एडमिरल आर.के.धोवन, वायुसेनाध्यक्ष एयरचीफ मार्शल अरुप राहा, रक्षा सचिव आर.के.माथुर समेत मंत्रालय के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

बैठक के बाद रक्षा मंत्री शाम को अपने तीन दिवसीय जापान दौरे पर रवाना हो जाएंगे। रक्षा मंत्रालय के उच्चपदस्थ सूत्रों ने कहा कि बैठक में थलसेना के लिए जमीनी बारूदी सुरंगें हटाने वाले ट्रैक माउंटेड लिफटेड डिवाइस (माइन प्लाऊ) की खरीद के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है। कुल 1 हजार 512 डिवाइस खरीदे जाएंगे जिनकी कुल लागत 710 करोड़ रूपए होगी। यहां बता दें कि अभी तक बीईएमएल से बॉय एंड मेक श्रेणी के तहत इनकी खरीद की जाती थी। लेकिन इस बार मेक इन इंडिया अभियान के तहत इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

सेना के एक अन्य प्रस्ताव को भी बैठक में मंजूर किया गया है, जिसमें बीईएल द्वारा 30 वैपन लोकेटिंग रडॉर ‘स्वाति’ बनाएगा। इनकी कुल कीमत 1 हजार 605 करोड़ रूपए होगी। भारी वाहनों पर इस रडॉर सिस्टम को लगाया जाएगा। डीएसी ने सेना के लिए 24 करोड़ रूपए की लागत वाले ट्रक माउंटेड लिफटेड डिवाइस (टीएमएलडी) की खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। यह कुल 220 डिवाइस खरीदे जाएंगे। यहां बता दें कि यह डिवाइस लगभग 1 टन वजनी भार तक उठा सकेगा। डीएसी की बैठक में नौसेना के लिए 22 हारपून (एचडीडब्ल्यू) मिसाइलों की खरीद के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इस प्रोजेक्ट की कुल कीमत 913 करोड़ रूपए है। डीएसी ने मिसाइलों की खरीद से जुड़े आॅफसेट संबंधी दिशानिर्देंश को भी स्वीकृति दे दी है।

राष्ट्रपति की मंजूरी के इंतजार में आईआईटी निदेशकों की नियुक्ति

कविता जोशी.नई दिल्ली

आईआईटी रोपड़, भुवनेश्वर और पटना में निदेशकों की नियुक्ति को महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की मंजूरी का इंतजार है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की चयन समिति ने इस बाबत तीन नामों की सिफारिश राष्ट्रपति से कर दी है। मंत्रालय के सूत्रों ने हरिभूमि को बताया कि 22 मार्च को इस बाबत हुई बैठक में कुल 36 लोगों का साक्षात्कार किया गया जिसमें तीन लोगों के नामों को स्वीकृति दी गई है। इसमें आईआईटी कानपुर के मेटलॅर्जिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर राजीव शेखर, आईआईटी मुंबई के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के प्रोफेसर पुष्पक भट्टाचार्या और सुदीप्त दास शामिल है।

सूत्र ने कहा कि बीते दिनों तीनों आईआईटी संस्थानों में निदेशकों की नियुक्ति को लेकर जो विवाद हुआ था वो खत्म हो गया है। वरिष्ठ वैज्ञानिक अनिल काकोड़कर 31 मई तक अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। जहां तक काकोड़कर का 12 मार्च को आईआईटी निदेशकों के पैनल से इस्तीफा देने का मसला है तो उसे एचआरडी मंत्रालय ने वापस ले लिया था। इसके बाद ही यह साफ कर दिया गया था कि काकोड़कर मई महीने तक अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

22 मार्च की बैठक में निदेशकों की नियुक्ति को लेकर पैनल के कुछ सदस्य अनुपस्थित थे। लेकिन फिर भी नियुक्ति को लेकर जितने कोरम की आवश्यकता थी वो पूरा था। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने की। सूत्र ने कहा कि निदेशकों की नियुक्ति का चयन पैनल कुल 11 लोगों का होता है, जिसमें में करीब 8 लोग उस दौरान मौजूद थे। इससे साफ है कि कोरम पूरा हो गया और तीनों निदेशकों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई। कोरम में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के पूर्व महानिदेशक और वर्तमान में नीति आयोग के सदस्य डॉ.वी.के.सारस्वत, आईएसएम धनबाद के अध्यक्ष अशोक मिश्रा मौजूद थे।

न्यूयार्क में नहीं मिलेंगे भारत-पाक के सेनाप्रमुख

हरिभूमि ब्यूरो.नई दिल्ली

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत-पाकिस्तान के राष्ट्रप्रमुखों और सेनाप्रमुखों के मेल-मुलाकात की खबरें अखबारों की हैडिंग से लेकर टीवी कैमरों की पहली क्लिक में शामिल रहती हैं। लेकिन शुक्रवार 27 मार्च को न्यूयार्क में होने वाले सेनाप्रमुखों के अंतरराष्टÑीय सम्मेलन में शायद खबरनवीसों को यह शानदार मौका नसीब नहीं होगा। क्योंकि इस सम्मेलन में पाकिस्तान के सेनाप्रमुख जनरल राहिल शरीफ शामिल नहीं होंगे। भारत की ओर से सेनाप्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका पहुंच चुके हैं। 28 मार्च को सेनाप्रमुख स्वदेश के लिए रवाना होंगे।

यहां सेना मुख्यालय में मौजूद सेना के सूत्रों ने कहा कि ‘चीμस आॅफ डिफेंस कॉंफ्रेंस’ नामक इस सम्मेलन में कई देशों के सेनाप्रमुख हिस्सा लेंगे। इसमें अमेरिका सहित यूरोपीय यूनियन के कई देशों के अलावा दक्षिण-एशिया से भारत और चीन के सेनाप्रमुख शामिल होंगे। पाकिस्तान की ओर से सम्मेलन में लेफ‍िटनेंट जनरल रैंक के अधिकारी शामिल होंगे। सेनाप्रमुख दलबीर सिंह सुहाग 25 मार्च को अमेरिका रवाना हो गए थे। 26 मार्च को उन्होंने दो कार्यक्रमों में भाग लिया। इसमें उनकी पहली मुलाकात संयुक्त राष्ट्र के डिपार्टमेंट आॅफ पीसकीपिंग मिशन आॅपरेशंस के अंडर सेक्रेट्री जनरल हरवे लार्ड्सवडर्स से हुई और दूसरी मुलाकात संयुक्त राष्ट्र के डिपार्टमेंट आॅफ फ ील्ड सपोर्ट के अंडर सेक्रेट्री जनरल अतुल खरे से हुई।

आंकड़ों के हिसाब से देंखें तो दुनिया में शांति स्थापित करने के लिए भारतीय सेना की संयुक्त राष्ट्र (यूएन) शांति-मिशन में सवार्धिक भागीदारी है। इस वक्त यूएन में भारत के 7 हजार 200 सैनिक अलग-अलग इलाकों में तैनात हैं। कांगों, दक्षिण सूडान, लेबनान और आइवरी-कोस्ट जैसी 4 जगहों पर यह सैन्य तैनाती है। इसके अलावा इराक, आइवरी-कोस्ट, सूडान, सोमालिया और पश्चिमी-सहारा में भारतीय सेना के आॅब्जवर्स और स्टॉफ अधिकारी तैनात हैं। लगभग 2 लाख सैनिक यूएन के शांति मिशन अभियानों में भाग ले चुके हैं, जिनमें से 148 मारे जा चुके हैं। भागीदारी की बात करें तो भारत पाकिस्तान और बांग्लादेश के बाद संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन सेना में भागीदारी करने वाला दक्षिण-एशिया का तीसरा देश है।

डॉर्नियर विमान हादसे में लापता हरियाणा की बेटी

कविता जोशी.नई दिल्ली

नौसेना के मंगलवार रात दुर्घटनाग्रस्त हुए समुद्री निगरानी विमान डॉर्नियर में लापता दो अधिकारियों में से एक आॅब्जर्वर महिला अधिकारी हरियाणा की रहने वाली हैं। लेफ‍िटनेट रैंक की इस युवा अधिकारी का नाम किरन शेखावत है। इसके अलावा हादसे में लापता दूसरे अधिकारी और विमान में सह-पायलट सब-लेफ‍िटनेंट अनुपम नागौरी हैं। अनुपम राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले हैं। दोनों 25 वर्षीय युवा अधिकारियों को ढूंढने के लिए हादसे के तुरंत बाद से नौसेना का राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है। हादसे में सुरक्षित बचे एक अधिकारी कमांडर निखिल कुलदीप जोशी सुरक्षित हैं जो कि विमान के पायलट भी थे। हादसे के बाद उन्हें काफी गंभीर चोटें आई हैं और अभी वो नौसेना के कारवार स्थित पातांजलि अस्पताल में भर्ती हैं। हरियाणा की महिला अधिकारी ले.शेखावत के पति भी नौसेना में अधिकारी हैं।

नौसेना के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इस वक्त खोज अभियान गोवा के तट से दक्षिण-पश्चिम में लगभग 70 किमी. की दूरी (35 नॉटिकल माइल्स) पर दूर समुद्र में चलाया जा रहा है। इसमें नौसेना के समुद्र के भीतर जांच-पड़ताल करने में सक्षम जहाज (हाइड्रोग्राफिक वेसल) आईएनएस मकर के सोनार रडार ने समुद्र के 60 मीटर अंदर गहरे पानी में लोहे के एक बड़े टुकड़े को पकड़ा है। यही टुकड़ा लापता विमान डॉर्नियर का ही अवशेष है का पता लगाने के लिए नौसेना के एक अन्य जहाज आईएनएस माटंगा ने गोताखोरों और अन्य जरूरी साजो-सामान के साथ इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान दिन-रात बिना किसी रोकटोक के चलेगा।

सूत्र ने कहा कि इस वक्त नौसेना ने आईएनएस माटंगा जहाज की मदद से इस अभियान को दो भागों में बांट दिया है। एक ओर दो-दो करके कुल 50 गोताखोरों का दल दोनों लापता अधिकारियों को ढूंढने के लिए बारी-बारी से समुद्र में उस जगह पर उतर रहा है। वहीं दूसरी ओर आईएनएस माटंगा जहाज की मदद से लोहे के भारी-भरकम टुकड़े को बाहर निकालने की कवायद चल रही है। सूत्र का कहना है कि क्योंकि समुद्र में पानी हमेशा गतिमान रहता है और किसी निश्चित गहराई पर अगर कोई वस्तु पहुंच जाए तो धीरे-धीरे उसके आस-पास कीचड़ जमा होने लगता है। इस लोहे के टुकड़े के आसपास भी काफी मात्रा में कीचड़ जमा हो गया है, जिसकी वजह से उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।